रविवार, 13 नवंबर 2011

कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने रचा इतिहास 302 विद्यार्थियों ने एक साथ हरियाणवी नृत्य कर बनाया विश्व रिकार्ड हरियाणा एग्रीकल्चरल में भी नंबर वन और कल्चरल में भी नंबर वन: कुलदीप शर्मा


Ashok Yadav Kurukshetra
कुरुक्षेत्र, 13 नंवबर। कुरुक्षेत्र के इतिहास में पहली बार एक साथ 302 विद्यार्थी हरियाणवी लोक नृत्य पर थिरके। अवसर था देश की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था नीफा द्वारा मल्टी आर्ट कल्चरल सैंटर एवं भारतीय कल्चरल एवं सोशल डिवैल्पमैंट एसोसिएशन के सहयोग से ब्रह्मसरोवर के मध्य पुरुषोत्तमपुरा बाग में गिनीज बुक वल्र्ड रिकार्ड बनाने के लिए सामूहिक हरियाणवी लोक नृत्य के आयोजन का। लगातार 7.00.40 मिनट तक जारी रही हरियाणवी लोक नृत्य की यह प्रस्तुति अब तक सबसे बड़ी प्रस्तुति मानी जा रही है। इससे पहले हरियाणवी संस्कृति को लेकर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड बनाने के लिए ऐसी कोई प्रतियोगिता आयोजित नहीं करवाई गई। करवाई भी कैसे जाती गिनीज बुक वल्र्ड रिकार्ड की संस्था की लिस्ट में हरियाणवी संस्कृति नाम से कोई संस्कृति थी ही नहीं, इसी लिए इससे पहले ऐसी प्रतियोगिता का वल्र्ड रिकार्ड बनाने का प्रश्न ही पैदा नहीं होता। नीफा के विशेष प्रयासों से हरियाणवी संस्कृति को विश्व स्तर पर विशेष पहचान मिली। विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मसरोवर के मध्य लगभग 25से ज्यादा स्कूलों के 302 बच्चे जब एक साथ हरियाणवी लोक नृत्य पर थिरके  तो नजारा देखने वाला था और कुरुक्षेत्र के इतिहास में यह पल एक नए अध्याय के रूप में जुड़ा। नीफा के चेयरमैन प्रीतपाल सिंह पन्नू के अनुसार इस रिकार्ड से  प्रदेश की संस्कृति प्रदेश तथा देश की सीमाओं को लांग कर विश्व स्तर पर अपना एक स्थान बनाएगी। नीफा इससे पहले भी करनाल में सबसे बड़ी चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करवाकर गिनीज बुक ऑफ वल्ड रिकार्ड बना चुकी है।
दीप प्रज्ज्वलित करके इस कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हरियाणा एग्रीकल्चरल में ही नहीं बल्कि कल्चर में भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नीफा द्वारा किए गए इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर हरियाणा के प्रसिद्ध साहित्यकार, कई हरियाणवी पुस्तकों के लेखक एवं हरियाणा के आईजी सी.आई.डी. राजबीर देशवाल ने भी अपने संबोधन में हरियाणवी संस्कृति को एक सुदृढ़ संस्कृति बताते हुए नीफा के प्रयासों की प्रंशसा की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से हरियाणवी संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान मिलेगी। कुलदीप शर्मा तथा राजबीर देशवाल ने इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को सम्मानित किया। इस मौके पर उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक बंसल, मल्टी आर्ट कल्चरल सैंटर के उपाध्यक्ष चंद्र शर्मा, नीफा के जिला प्रधान एवं मल्टी आर्ट कल्चरल सैंटर के कोर्डिनेटर वीरेंद्र, डी.एस.पी. रविंद्र सांगवान सहित हजारों की संख्या में लोगों ने इस कार्यक्रम का आंनद उठाया।
बॉक्स
आईजी देशवाल को दिया हरियाणा गौरव अवार्ड
हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने आईजी सीआईडी राजबीर देशवाल को नीफा की ओर से हरियाणा गौरव अवार्ड से सम्मानित किया। देशवाल को यह अवार्ड हरियाणवी साहित्य एवं संस्कृति की सेवा करने एवं हरियाणा पुलिस में सराहनीय कार्य करने के लिए दिया गया।
बॉक्स
विशेष रूप से दिल्ली से सीधे कार्यक्रम पर पहुंचे डीसी मंदीप बराड़
डीसी मंदीप बराड़ किसी कार्य से दिल्ली गए हुए थे इस कार्यक्रम शामिल बच्चों की हौसला अफजाई के लिए वे दिल्ली से सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम का पूरा आनंद उठाया और बच्चों को सम्मानित किया। नीफा के जिला प्रधान वीरेंद्र ने बताया कि यह इतना बड़ा आयोजन उपायुक्त मंदीप बराड़ की साकारात्मक सोच के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डीसी मंदीप बराड़ एवं जिला शिक्षा अधिकारी सरोज लोहचब का विशेष रूप से आभार जताया।
बॉक्स
इनकी मेहनत लाई रंग
नीफा, मल्टी आर्ट कल्चरल सैंटर व भारतीय कल्चरल एवं सोशल डिवैल्पमैंट एसोसिएशन के विशेष प्रयासों ने जहां विश्व रिकार्ड बनाने में अहम भूमिका निभाई वहीं इन सभी बच्चों को हरियाणवी लोक नृत्य में पारंगत करने के लिए प्रशिक्षिका सुप्रिया शर्मा ने भी खूब पसीना बहाया। वहीं मल्टी आर्ट कल्चरल सैंटर के उपनिदेशक विश्व दीपक त्रिखा एवं कोर्डिनेटर वीरेंद्र व उनकी टीम गुरबीर कौर, अनुराधा, प्रतिभा, सोनिया, सर्वजीत, नीलम, संध्या, वंशिका दहिया, रीता कंसल, त्रिलोक के साथ मल्टी आर्ट कल्चरल सैंटर के सभी कर्मचारियां का विशेष सहयोग रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें